डीजीपी अशोक कुमार की वेबसाइट हैक, आपत्तिजनक सामग्री की अपलोड
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अशोक कुमार की वेबसाइट हैक करते हुए किसी ने उस पर आपत्तिजनक सामग्री लोड कर दी है। डीजी अशोक कुमार ने मुकदमा दर्ज कराने और मामले को साइबर थाने से दिखाने की बात कही है। 
 

रविवार को किसी ने इनके ट्विटर एकाउंट को खोला। इसमें डीजी अशोक कुमार की पुस्तक ‘खाकी में इंसान’ के अंग्रेजी वर्जन ह्यूमन इन खाकी डॉट कॉम वेबसाइट का लिंक खोला तो दंग रह गए। वेबसाइट में अश्लील वीडियो और तस्वीरें लोड थी।

कुछ देर में चर्चा होने लगी कि किसी ने उनके एकाउंट को हैक कर लिया है। जबकि कुछ कहने लगे कि वेबसाइट हैक हुई है। अमर उजाला तक भी इस तरह की बात पहुंची। डीजी अशोक कुमार ने बताया कि लगभग एक-डेढ़ महीने पहले भी ऐसा हुआ था।

उस समय गूगल से शिकायत पर पता चला था कि रशिया में किसी ने इसी डोमेन आईडी पर वेबसाइट बना दी। शिकायत पर उसे बंद कर दिया था। अगर दोबारा ऐसा हुआ है तो यह गंभीर है। 


सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत की ट्वीटर पोस्ट से भी हुई थी छेड़छाड़



 बता दें कि हाल ही में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के ट्वीट से छेड़छाड़ का भी मामला सामने आया था। उनके ट्वीट में अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर किसी शख्स ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने व्यक्तिगत ट्वीटर एकाउंट से नेताजी सुभाष चन्द्र बोस को जन्म दिवस पर श्रद्धासुमन अर्पित करते एक ट्वीट किया था। किसी शरारती तत्व ने ट्वीट में छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर पोस्ट एडिट की और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।

इस पोस्ट को एडिट कर वायरल करके सीएम की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने इस मामले में मुकदम भी दर्ज कराया था।